
रिपोर्ट_ मोहम्मद अशफाक
md news
गोला गोकर्णनाथ-खीरी। गोला चीनी मिल की चिमनियों से लगातार उड़ रही राख और उससे फैलते प्रदूषण के खिलाफ अब पत्रकारों के संगठन ऐप्जा (आल इंडियन प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन) ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। बुधवार को ऐप्जा के चीफ कोऑर्डिनेटर उत्तर प्रदेश अनुराग सारथी के नेतृत्व में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगरवासियों की वर्षों पुरानी इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए मिल प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए चीफ कोऑर्डिनेटर अनुराग सारथी ने कहा कि गोला चीनी मिल प्रशासन की लापरवाही से नगरवासियों का जीना मुहाल हो गया है। स्थिति यह है कि सुबह घर से निकलते ही लोगों की गाड़ियों, मकानों की छतों और सूखते कपड़ों पर राख की मोटी परत जमी मिलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि उड़ती राख से लोगों में सांस संबंधी इंफेक्शन और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है, लेकिन वर्षों से चली आ रही इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में मिल प्रशासन कोई ठोस कदम उठाने को तैयार नहीं है।
अनुराग सारथी ने मिल की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नगर के बीचों-बीच संचालित इस चीनी मिल से स्थानीय लोगों को कोई खास लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि बाजार में चीनी 65 रुपये किलो बिक रही है और मिल प्रशासन स्थानीय लोगों को 40 रुपये किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराए, तो नगरवासियों को कुछ राहत महसूस हो सकती है। लेकिन हकीकत यह है कि जनता को लाभ के नाम पर कुछ नहीं मिल रहा, बल्कि केवल ट्रैफिक जाम और प्रदूषण की मार झेलनी पड़ रही है।
श्री सारथी ने मिल प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि राख गिरने की समस्या पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई और प्रदूषण नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो ऐप्जा नगरवासियों के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन शुरू करने को मजबूर होगा। उन्होंने साफ कहा कि आंदोलन के दौरान या उससे उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी स्वयं चीनी मिल प्रशासन की होगी।
इस मौके पर ऐप्जा के जिला अध्यक्ष संदीप शुक्ला, जिला संरक्षक रविसुत शुक्ला, जिला संगठन मंत्री डीपी आर्या, मीडिया प्रभारी कृष्ण मोहन मिश्रा, तहसील अध्यक्ष सूर्य प्रकाश मिश्रा, महामंत्री आशीष तिवारी व विशाल मिश्रा, मतीन अहमद, मोहम्मद अशफाक सहित संगठन के तमाम पत्रकार स्थानीय लोग मौजूद रहे।
