हादसे के 15 दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर, अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच

एमडी न्यूज़ | महराजगंज।

महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन किशोर हादसे का शिकार हो गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महराजगंज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी रहा।

जानकारी के अनुसार 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे की है। शिकायतकर्ता सुरेंद्र पुत्र रामप्रीत निवासी ग्राम सेखुई, थाना नेबुआ नौरंगिया, जनपद कुशीनगर का पुत्र हिमांशु अपने ममेरे भाई सागर पुत्र रमेश और प्रदीप पुत्र राजेश के साथ मोटरसाइकिल संख्या UP 56 M 4406 से सबया से सिसवा बाजार कपड़ा खरीदने जा रहा था।

तीनों जब सिसवा बाजार स्थित महिला चिकित्सालय के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे पिकअप वाहन संख्या UP 56 BT 1930 ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से गलत दिशा में आकर उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में हिमांशु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सागर और प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया।

हादसे के 15 दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर

परिजनों के मुताबिक, बेटे की मौत से पूरा परिवार सदमे में था। इसी वजह से धार्मिक एवं पारिवारिक क्रियाकर्म और मानसिक स्थिति सामान्य होने के बाद पीड़ित पिता ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। इसके आधार पर कोठीभार थाने में 26 नवंबर 2026 की रात 10:03 बजे एफआईआर संख्या 0360/2026 दर्ज की गई।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(ए), 125(बी) और 281 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर में पिकअप चालक का नाम और पता अज्ञात बताया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रत्नेश कुमार मौर्य को सौंपी गई है।

अब चालक की तलाश और जांच पर निगाहें

इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार पिकअप चालक कब तक पुलिस की गिरफ्त में आएगा? पुलिस के सामने वाहन चालक की पहचान कर उसे कानून के दायरे में लाने की चुनौती है।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस मामले की निष्पक्षता से जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएगी और सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed