रिपोर्टर अमित दीक्षित
शाहजहांपुर: बलिया से सहारनपुर जा रहे 40 वर्षीय शख्स की अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन में तबीयत बिगड़ने के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। शख्स की पहचान शामली जिले के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के सिक्का गांव निवासी गफ्फार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
गफ्फार अपने भतीजे मुस्तकीम के साथ अमृतसर एक्सप्रेस से सहारनपुर जा रहे थे। मुस्तकीम ने बताया कि उनके चाचा पिछले करीब एक महीने से बलिया में कुर्सी बेचने का काम कर रहे थे और कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी।
दोबारा बिगड़ी तबीयत, शाहजहांपुर में इलाज के लिए उतारा गया
मुस्तकीम के अनुसार, बृहस्पतिवार की सुबह लखनऊ स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन में गफ्फार की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्होंने तुरंत हेल्पलाइन नंबर 139 पर मदद मांगी। लखनऊ स्टेशन पर डॉक्टरों की एक टीम ने उनका परीक्षण किया और दवा दी, जिसके बाद ट्रेन आगे बढ़ गई।
हालांकि, हरदोई जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र में पहुंचने पर गफ्फार की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई। मुस्तकीम ने दोबारा हेल्पलाइन नंबर पर कॉल की। इसके बाद, शाहजहांपुर स्टेशन पर ट्रेन रोककर जीआरपी ने गफ्फार को उतारा और इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। दुखद बात यह है कि उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मुस्तकीम ने बताया कि गफ्फार के परिवार में उनकी चार बेटियां और एक बेटा है।
