• लक्ष्य कॉलेज व एमक्यू इंटर कोलेज की सेकड़ों छात्राओं को किया जागरूक
    स्योहारा। नगर स्थित लक्ष्य ग्रुप ऑफ कॉलेजेस व एमक्यू इंटर कॉलेज में बुधवार को “मिशन शक्ति फेज-5.0” के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता संबंधी विशेष अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक की लगभग 300 छात्राएँ और अध्यापिकाएँ शामिल रहीं।
    कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। थाना प्रभारी सतेन्द्र कुमार, एसआई काजल तेवतिया, शिवानी चौहान सहित मिशन शक्ति टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने छात्राओं से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति उत्पन्न होती है तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और बिना संकोच शिकायत दर्ज की जाएगी।
    अभियान के दौरान महिला छात्राओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों और सोशल मीडिया पर सुरक्षित रहने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग और व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा के महत्व को समझाया। साथ ही साइबर धमकी या उत्पीड़न की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने और सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबरों और ऑनलाइन पोर्टल्स की जानकारी भी साझा की।
    इस विशेष जागरूकता अभियान में उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान कोष, वन स्टॉप सेंटर योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने छात्राओं से इन योजनाओं का लाभ लेने और अपने परिवारों व समाज में भी इनकी जानकारी साझा करने का आह्वान किया।
0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed