• स्योहारा में चला विशेष अभियान, छात्राओं को साइबर सुरक्षा व सरकारी योजनाओं से कराया गया अवगत

  • अंकुल प्रजापति

  • स्योहारा। शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह सरस्वती विद्या मंदिर बुढ़नपुर एवं ग्राम मलकपुर बूढ़ेरन में “मिशन शक्ति फेज-5.0” के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता संबंधी विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्राओं व अध्यापिकाओं को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उन्हें अपनी सुरक्षा व सम्मान के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
    कार्यक्रम में सीओ धामपुर अभय कुमार पांडे ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में पीड़ित महिला या छात्रा को बिना किसी संकोच के तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए और अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिकायतकर्ता का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा।
    अभियान के दौरान महिला छात्राओं एवं बालिकाओं को साइबर सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियाँ दी गईं। उन्हें सोशल मीडिया पर सुरक्षित रहने, ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग और व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही साइबर धमकी या उत्पीड़न की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने हेतु उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों और ऑनलाइन पोर्टल्स से अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त छात्राओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं जैसे कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान कोष, वन स्टॉप सेंटर योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना आदि के बारे में भी बताया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी स्योहारा सतेन्द्र कुमार, एसआई काजल तेवतिया, शिवानी चौहान सहित थाना स्योहारा की मिशन शक्ति टीम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *