
एम डी न्यूज़
बरेली नगर निगम में शुक्रवार को बवाल हो गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पदाधिकारियों और नगर निगम अधिकारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। छात्र अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे। अधिकारियों से वार्ता के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जो देखते-देखते हाथापाई में बदल गई।एबीवीपी कार्यकर्ताओं का बरेली स्मार्ट सिटी के जीआईसी ऑडिटोरियम में कार्यक्रम था जिसका किराया मांगे जाने को लेकर विवाद बढ़ गया। कार्यकर्ता इस मुद्दे को लेकर नगर निगम पहुंचे और वहां जाकर उन्होंने स्ट्रीट लाइट, सड़कों की साफ सफाई समेत अन्य मुद्दों को उठा दिया। छात्र नेता अपने साथियों के साथ निगम अधिकारियों से अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे। बातचीत के दौरान माहौल गरम हो गया और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे। इसी बीच नगर निगम कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष ठाकुर मिशनपाल सिंह भी कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने की कोशिश की, मगर उनके बीच भी तनातनी बढ़ गई। देखते ही देखते निगम परिसर में हंगामा मच गया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी। करीब डेढ़ घंटे तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। मौके पर पहुँची पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
रिपोर्टर गौरव कुमार एम डी न्यूज़ बरेली।
