रिपोर्ट हरेन्द्र प्रताप सिंह
एमडी न्यूज़ बिजुआ
बिजुआ खीरी। जनपद लखीमपुर खीरी के भीरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बकरा चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भीरा पुलिस ने दम्बल-टांडा मजरा-रमेश्वरापुर से अमित कुमार दीक्षित और अंकित मिश्रा नामक दो युवकों को हिरासत में लिया है। इन पर शुक्रवार दोपहर एक घर के बाहर से बकरा चुराने का आरोप है।
यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई थी। दम्बल टाण्डा मजरा-रमेश्वरापुर निवासी पुत्त सिंह पुत्र राम धन सिंह ने बताया कि उनका बकरा घर के दरवाजे के बाहर बंधा था। उस समय घर पर केवल महिलाएं मौजूद थीं। बाइक सवार दो अज्ञात युवक बकरे को उठाकर फरार हो गए थे। एक महिला ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन चोर तेज रफ्तार बाइक से भागने में सफल रहे।
पीड़ित की शिकायत पर भीरा पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी थी। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में चिंता का माहौल था। ग्रामीणों ने दिनदहाड़े हुई इस चोरी पर पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस को शुक्रवार को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब गुप्तचरों ने सूचना दी कि भीरा थाना क्षेत्र की एक बाजार में करीब दस-बारह हजार रुपये का एक बकरा कम दामों में बेचा जा रहा है। पुलिस ने बकरा बेचने वालों का वीडियो बनाने को कहा। बकरा काटने वाले लोगों ने दोनों का वीडियो बना लिया, जिसके बाद भीरा पुलिस उनकी तलाश में जुट गई। रविवार को दोनों की पहचान अमित कुमार दीक्षित और अंकित मिश्रा के रूप में हुई।

सूचना मिलते ही भीरा थानाध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह बिजुआ चौकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अंकित मिश्रा को बस्तौला के पास से हिरासत में लिया, जबकि उसके साथी अमित कुमार दीक्षित को दूसरी जगह से गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद संबंधित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
