बरेली/उत्तर प्रदेश : थाना बारादरी क्षेत्र में करोड़ों रुपए के गबन और मारपीट के आरोपी मेन्था ऑयल व्यापारी जयप्रकाश गंगवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले पांच सालों में निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपए जुटाता रहा और रकम मांगने पर मारपीट तक करता था। बरेली सिद्धार्थ कुंज फेस-2 वीर सावरकर नगर,निवासी आदर्श कुमार अग्रवाल ने 18 नवंबर को तहरीर दी थी कि उनकी पहचान पिपरमिंट तेल व्यापारी जयप्रकाश गंगवार से पांच साल पहले हुई थी। गंगवार ने उन्हें मेन्था ऑयल व्यापार में अत्यधिक लाभ का लालच दिया। शुरुआत में आदर्श ने 10-15 लाख रुपए निवेश किए और मुनाफा मिलने पर उन्होंने कर्ज लेकर और मित्रों को जोड़कर लगभग 1 करोड़ रुपए जयप्रकाश को सौंप दिए। तहरीर के अनुसार, जब आदर्श ने अपनी रकम और लाभ की मांग की तो जयप्रकाश लगातार टालता रहा। 15 नवंबर की शाम करीब 6 बजे मॉडल टाउन में पैसे मांगने पर जयप्रकाश गंगवार अपने 2–3 साथियों के साथ आदर्श पर भड़क गया। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज कर आदर्श की पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे। मारपीट और गबन के आधार पर बारादरी थाने में जयप्रकाश और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। जांच में पुष्टि हुई कि निवेश की रकम हड़पी गई थी और आदर्श को भी गंभीर चोटें पहुंचाई गई थीं। गबन और मारपीट के आरोपी मेन्था ऑयल व्यापारी जयप्रकाश गंगवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर आरोपी को रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।
रिपोर्टर गौरव कुमार सक्सेना एम डी न्यूज़ बरेली
