MD News बहुआयामी सामाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख
रोहित जैन जनपद मुजफ्फरनगर

संभल जनपद में गुरुवार शाम गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। थाना हयातनगर क्षेत्र के गांव रसूलपुर धतरा के पास ऑल्टो कार और पिकअप की आमने-सामने टक्कर में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में मां, बेटी, बेटा, भाभी, ननद और भांजा शामिल हैं। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और ऑल्टो कार के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर उमेश सोलंकी, कैलादेवी थानाध्यक्ष सौरभ त्यागी और एएसपी (उत्तरी) कुलदीप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दो की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। वहीं, मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार टक्कर की प्रमुख वजह मानी जा रही है। हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर अक्सर तेज गति से वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा व्यवस्था का भी पुनर्मूल्यांकन किया जा रहा है।
