बाराबंकी। मंगलवार को जनपद स्तरीय “प्रगति, स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0” बाल उत्सव का भव्य आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी राम लाल द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बंकी की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई। साथ ही योग डांस सभी के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस अवसर पर डीसी बालिका शिक्षा पुनीत मणि त्रिपाठी द्वारा बुके भेंट कर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का स्वागत किया गया। स्वागत उद्बोधन करते हुए जिला समन्वयक बालिका शिक्षा पुनीत मणि त्रिपाठी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बाराबंकी एवं जनपद के समस्त विकास खण्ड से आए हुए नोडल शिक्षक का स्वागत किया साथ ही साथ विकासखंड स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर जनपद पर स्थान बनाने वाले छात्र-छात्राओं का भी स्वागत किया।इसके पश्चात जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बाराबंकी नवीन कुमार पाठक द्वारा अपने उद्बोधन में संचालित विभागीय नवाचारों एवं विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि बालिका शिक्षा को सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।

जनपद में चयनित बच्चों को मंडल और प्रदेश में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने हेतु शुभकामनाएं दी।कार्यक्रम में जनपद के 15 विकास खंडों के बालिका नोडल एवं ब्लॉक स्तर से चयनित 60 बच्चों ने प्रतिभाग किया। जनपद स्तर से चयनित 5-5 बच्चों को मंडल स्तर पर प्रतिभाग के लिए भेजा जाएगा। जिसमें बदलाव की कहानी के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय फतेहपुर की पायल, रिमजा देवा, स्वाती हैदरगढ़ मोहित रामनगर, गौरी सिंह सूरतगंज पोस्टर प्रतियोगिता में शिवि त्रिवेदीगंज, रंगोली, लक्ष्मी बंकी,रिया देवा,निशा हरख का नाम शामिल है।प्रतिभागी बच्चों ने मीना मंच कार्यक्रम के अंतर्गत बालिका सशक्तिकरण से जुड़े अपने अनुभवों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। सभी विजेता छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया अंत में वित्त एवं लेखा अधिकारी सहायक वित्त एवं लेखा अधिकारी रामलाल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक एवं उप जिला उद्योग अधिकारी रूबी जमशेद एवं मंचासीन अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला स्काउट मास्टर राजेन्द्र त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर तमाम लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *