महराजगंज/निचलौल-राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की इकाई, सरस्वती देवी महाविद्यालय निचलौल द्वारा आयोजित सप्त दिवसीय विशेष शिविर का चतुर्थ दिवस उत्साह, जागरूकता एवं बौद्धिक संवाद के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का आयोजन प्राथमिक विद्यालय, ग्राम रुद्रौली में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम दरश के निर्देशन एवं आचार्य रजनीश के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।


चतुर्थ दिवस की शुरुआत प्रातःकाल ग्राम रुद्रौली में साक्षरता अभियान रैली के साथ हुई। स्वयंसेवकों ने “शिक्षा है अनमोल रत्न, पढ़ेगा भारत तभी तो बढ़ेगा भारत”, “आओ मिलकर अलख जगाएं, हर घर में शिक्षा पहुंचाएं”, “निरक्षरता को दूर भगाएं, साक्षर भारत देश बनाएं” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। रैली में छात्र-छात्राओं का उत्साह एवं अनुशासन सराहनीय रहा।


कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा माँ सरस्वती एवं माँ भारती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात संगोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें राष्ट्र एवं समाज निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार व्यक्त किए गए।
चतुर्थ दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता श्री प्रमोद शर्मा जी उपस्थित रहे। उन्होंने “लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं का योगदान” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसके जागरूक एवं जिम्मेदार युवाओं पर निर्भर करती है। उन्होंने युवाओं से अपने मतदान के अधिकार का सदुपयोग करने, सामाजिक मुद्दों पर सजग रहने तथा संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।


विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षा शास्त्र के प्रवक्ता श्री संदीप कुमार जी ने “राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका एवं युवाओं का दायित्व” विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण एवं नैतिक मूल्यों के विकास का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, राष्ट्रीय एकता की मजबूती एवं सकारात्मक सोच के प्रसार हेतु सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
दोपहर पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा समूह चर्चा, बौद्धिक प्रतियोगिता एवं प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास हुआ। साथ ही, युवाओं ने लोकतंत्र एवं शिक्षा के महत्व पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को जागरूक किया।
शिविर संचालक सैयद आलम अंसारी, विशाल कुमार कसौधन, महाविद्यालय के अनुचर सन्नी तथा समस्त छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से सराहनीय रही। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया एवं समाज सेवा के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं का उत्साह और समर्पण स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed