एम डी न्यूज़ वेद प्रकाश राजपूत ब्यूरो चीफ अयोध्या की रिपोर्ट
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव आज अयोध्या दौरे पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने एक आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा धात्री माताओं से संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान अपर्णा यादव ने केंद्र में बच्चों को अन्नप्राशन संस्कार कराया और गर्भवती महिलाओं के गोद भराई कार्यक्रम में भी शामिल हुईं। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ हर पात्र महिला और बच्चे तक समय पर पहुंचना चाहिए।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने एआई समिट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे “घटिया मानसिकता” करार देते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की। अपर्णा यादव ने कहा कि एआई समिट में भारत ने वैश्विक स्तर पर नेतृत्व कर देश का मान बढ़ाया है, ऐसे में इस तरह का प्रदर्शन देश की छवि को धूमिल करने वाला है।
वहीं, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर दर्ज मुकदमे के संबंध में उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संतों का सम्मान अपनी जगह है, लेकिन कानून और संविधान से ऊपर कोई नहीं है।
दौरे के दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *