
संवाददाता-जितेंद्र ठाकुर आगरा मंडल ब्यूरो प्रमुख की खास रिपोर्ट
मथुरा – जनपद के थाना छाता क्षेत्र के गांव तरौली जनूबी में सात दिन से लापता किशोर का शव गांव की ही ‘गढ़ फेरी’ नाम से प्रसिद्ध पोखर में उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। मंगलवार तड़के खेतों पर काम करने जा रहे एक किसान ने पोखर में शव देखा और तत्काल गांव में सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया गया।
मृतक की पहचान उसके मामा, तरौली निवासी नारायण सिंह द्वारा करीब नौ वर्षीय दुष्यंत पुत्र हरिओम, निवासी बरगमा जगनेर के रूप में की गई। दुष्यंत 18 फरवरी को अपने ननिहाल तरौली जनूबी में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था, जहां से वह अचानक लापता हो गया था। इस संबंध में थाना छाता में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की और कुछ समय तक हंगामा भी किया। बाद में पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। काफी हंगामे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छाता थानाध्यक्ष कमलेश ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं पर कार्रवाई की बात कही है। वहीं घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है मौके पर मौजूद हजारों की संख्या ग्रामीणों ने मामले के जल्द खुलासे व आरोपितों पर सख्त कार्यवाही की मांग की है।
