रिपोर्टर:- विनीत तिवारी
एम डी न्यूज़ (लखीमपुर)
बिजुआ (लखीमपुर खीरी)।
बिजुआ स्थित जानकीदेवी इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि परीक्षा केंद्र पर छात्राओं की तलाशी खुले स्थान पर पुरुष कर्मियों की मौजूदगी में ली जा रही है, जो निर्धारित नियमों के विपरीत बताया जा रहा है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्राओं की तलाशी के लिए अलग से सुरक्षित एवं कवर्ड स्थान होना चाहिए, साथ ही महिला कर्मियों की तैनाती अनिवार्य है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परीक्षा के दौरान केंद्र पर मूलभूत व्यवस्थाओं का अभाव देखने को मिला। कॉलेज में विज्ञान वर्ग संचालित होने के बावजूद प्रयोगशाला सुविधाओं पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि छात्रों को प्रयोगात्मक शिक्षा का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलेज में कई मानकों की अनदेखी की जा रही है, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह शिक्षा व्यवस्था और छात्राओं की गरिमा से जुड़ा गंभीर मामला माना जाएगा।
फिलहाल मामले को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार है। अभिभावकों ने उच्चाधिकारियों से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *