
एम डी न्यूज वेद प्रकाश राजपूत ब्यूरो चीफ अयोध्या की रिपोर्ट
रुदौली तहसील क्षेत्र के रुदौली-रेछ घाट रोड स्थित बनमऊ जंगल में बन रही पुलिहा का निर्माण कार्य अधूरा पड़े रहने से राहगीरों की जान पर बन आई है। जर्जर और उबड़-खाबड़ सड़क, बड़े-बड़े गड्ढे व बिखरे बजड़े के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
शनिवार शाम लगभग 5 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मीरमऊ निवासी लाइनमैन व समाजसेवी समर यादव उसी मार्ग से गुजर रहे थे कि अचानक गड्ढों में बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी। इस हादसे में उन्हें पर्याप्त चोटें आईं। बाइक पर पीछे बैठे विनोद यादव को भी मामूली चोट लगी।
घायल समर यादव ने कहा कि यह दुर्घटना संबंधित विभाग की घोर लापरवाही का परिणाम है। सरकार भले ही विकास के बड़े-बड़े दावे करे, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि रोजाना लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि “जिम्मेदार मस्त हैं, जनता त्रस्त है।” कई बार अखबारों में इस सड़क की दुर्दशा को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया, लेकिन अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ा। नतीजा वही—टूटते हाथ-पांव और उजड़ती जिंदगी।
बताया जाता है कि यह सड़क एक जिले को दूसरे जिले से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसके बावजूद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। सवाल यह उठता है कि जब मुख्य मार्गों की सुध नहीं ली जा रही, तो आम जनता सरकार से क्या उम्मीद लगाए?
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि अधूरे पुलिहा निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए और सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
