गोंडा जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थों के वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी गैस एजेंसी द्वारा गलत तरीके से गैस वितरण या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है, तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला पूर्ति अधिकारी को जनपद की सभी गैस एजेंसियों के कनेक्शनों का विवरण और गैस बुकिंग से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य वितरण प्रणाली की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी एजेंसियां निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार ही कार्य करें तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं।

बैठक के दौरान, पेट्रोल पंप संचालकों के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोलियम पदार्थों का संग्रहण न करें।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी बनाए रखी जाए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन जनपद में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed