
विनीत तिवारी लखीमपुर खीरी एम डी न्यूज़ चैनल की रिपोर्ट
लखीमपुर खीरी के विकासखंड बेहजम क्षेत्र के कई गांवों में इन दिनों मोबाइल नेटवर्क की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि एयरटेल और जियो कंपनियां 5G सेवा के नाम पर ग्राहकों से पैसा तो वसूल रही हैं, लेकिन हकीकत में उपभोक्ताओं को 3G जैसी धीमी इंटरनेट सुविधा भी सही से नहीं मिल पा रही है।
बताया जा रहा है कि ग्राम टेडवा, खजुरिया, पहाड़ा, अमघट और बहादुरपुर सहित आसपास के कई गांवों में नेटवर्क की स्थिति बेहद खराब हो गई है। कई जगहों पर कॉल तक नहीं लग पा रही है, वहीं इंटरनेट सेवा भी बार-बार बंद हो जाती है। इससे ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल भुगतान, सरकारी कामकाज और आम लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कंपनियों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि जब उनसे 5G का शुल्क लिया जा रहा है तो उन्हें उसी स्तर की सुविधा भी मिलनी चाहिए।
ग्रामीणों ने संबंधित कंपनियों और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द क्षेत्र में नेटवर्क व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए, ताकि लोगों को बेहतर संचार सुविधा मिल सके और उन्हें परेशानियों से राहत मिल सके
