नसीम अहमद

स्योहारा। आसमान से बरसती आग और तपती धूप के बीच रविवार सुबह स्योहारा रेलवे स्टेशन पर इंसानियत का खूबसूरत दृश्य देखने को मिला। प्रेस क्लब स्योहारा के बैनर तले प्लेटफार्म पर गुजरने वाली ट्रेनों के यात्रियों को निशुल्क शीतल पेय की बोतलें वितरित की गईं। तेज गर्मी से बेहाल यात्रियों के चेहरों पर ठंडा पानी और शीतल पेय मिलते ही राहत और मुस्कान दिखाई दी।
सुबह छह बजे से ही प्रेस क्लब के पदाधिकारी और सामाजिक लोग स्टेशन प्लेटफार्म पर पहुंच गए थे। ट्रेन रुकते ही यात्रियों को ठंडी बोतलें वितरित की गईं। कई यात्रियों ने इस सेवा को “सफर में राहत” बताते हुए आयोजकों का आभार जताया। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को प्राथमिकता के साथ शीतल पेय वितरित किए गए।
प्रेस क्लब स्योहारा के संरक्षक एवं चिकित्सक डॉ मनोज कुमार वर्मा ने कहा कि इस भीषण गर्मी में लोगों की मदद करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। उन्होंने कहा कि समाज के हर व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
प्रेस क्लब अध्यक्ष शारिक ज़ैदी ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज के दुख-सुख में भी भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह छोटा प्रयास लोगों को राहत देने और समाज में सेवा का संदेश फैलाने के उद्देश्य से किया गया।
इस दौरान प्रेस क्लब संरक्षक कांता प्रसाद पुष्पक, डॉ शाश्वत वर्मा, नजम सिद्दीकी, मोहम्मद आलम, इमरान मंसूरी, नसीम अहमद, प्रशांत रस्तोगी, फहीम खान, सलीम कुरैशी, माज़, ताहिर, मनीष और सोनू सहित कई लोग मौजूद रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *