नसीम अहमद
स्योहारा। समाज सेवा और चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहे स्योहारा के युवा चिकित्सक डॉ. शाश्वत वर्मा को रोमियो डांस इंडिया डांस समूह द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में “बिजनौर गौरव सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई तथा लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
डॉ. शाश्वत वर्मा, स्योहारा बिजनौर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनोज वर्मा के सुपुत्र हैं। उन्होंने कम समय में अपनी सेवा भावना, सरल व्यवहार और सामाजिक कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई है।
समारोह में मुख्य अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने डॉ. शाश्वत वर्मा को सम्मान चिन्ह भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में जहां अधिकांश लोग केवल अपने स्वार्थ तक सीमित हो चुके हैं, वहीं डॉ. शाश्वत वर्मा निस्वार्थ भाव से गरीबों, असहायों और जरूरतमंदों की सेवा को अपना कर्तव्य मानकर कार्य कर रहे हैं।
डॉ. वर्मा द्वारा समय-समय पर ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, दवा वितरण और चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनसे हजारों जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल चुका है। उनकी सेवा भावना और मानवता के प्रति समर्पण ने उन्हें समाज में एक अलग पहचान दिलाई है।
समारोह में मौजूद लोगों ने कहा कि डॉ. शाश्वत वर्मा केवल एक चिकित्सक ही नहीं, बल्कि गरीबों और जरूरतमंदों के लिए उम्मीद की किरण बन चुके हैं। उनका सेवा भाव, विनम्र व्यवहार और समाज के प्रति समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. शाश्वत वर्मा ने कहा,
“जब तक जिंदगी है, तब तक गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करता रहूंगा। समाज सेवा ही सबसे बड़ा धर्म और सच्चा सम्मान है। यह प्रेरणा मुझे अपने पिता डॉ. मनोज वर्मा और अपने दादा जी से प्राप्त हुई है, जिन्होंने हमेशा समाज सेवा और मानवता का रास्ता दिखाया।”
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। सभी ने डॉ. शाश्वत वर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

