लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल द्वारा बड़े मंगल के अवसर पर आज राजधानी लखनऊ में एक विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया। यह भण्डारा हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में आयोजित हुआ, जहां मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने अपनी पत्नी अंजू जायसवाल तथा पुत्री शाम्भवी जायसवाल के साथ विशेष पूजा-अर्चना की और प्रसाद वितरण कार्यक्रम में भागीदारी की। ‘अन्नदानं परं दानं’ की भावना और सनातन संस्कृति को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में पूरे दिन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।


हजरतगंज क्षेत्र के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में आयोजित यह विशाल भण्डारा आज प्रातः 11 बजे से शुरू होकर देर शाम तक अनवरत चलता रहा। इस भव्य आयोजन में विशेष रूप से यह बात चर्चा का केंद्र रही कि भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए बना सारा प्रसाद शुद्ध देसी घी से तैयार किया गया था, जिसे हजारों की संख्या में आए भक्तों ने बड़े ही भक्तिभाव से ग्रहण किया। मंत्री जायसवाल ने इस अवसर पर कहा कि सेवा ही सच्चा धर्म है और सनातन धर्म की इस पावन परंपरा में भक्तों की सेवा का अवसर मिलना हम सभी के लिए परम सौभाग्य एवं पुण्य की बात है।


इस पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या तथा ब्रजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, पशुधन मंत्री धर्मपाल उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान पशुपालन मंत्री धरमपाल सिंह, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव तथा बेसिक शिक्षा मंत्री
संदीप सिंह ने भी पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात सभी मंत्रियों और गणमान्य व्यक्तियों द्वारा वहां बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसाद वितरण कर सेवा कार्य में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *