
विनीत तिवारी एम डी न्यूज़ (लखीमपुर)
मितौली तहसील क्षेत्र के ग्राम कारी बडेरी (मजरा मुल्तानपुर ग्रंट) में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मंगलवार को गांव का माहौल बेहद गमगीन दिखाई दिया। आग से उजड़े परिवारों के बीच कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू पहुंचे और पीड़ितों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द सुना।
विधायक ने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की और भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार और प्रशासन उनके साथ खड़ा है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आग से तबाह हुए घरों और उजड़ी गृहस्थी को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
बताया जा रहा है कि तेज आंधी के दौरान लगी आग ने पूरे गांव में भारी तबाही मचाई, जिसमें करीब 50 मकान प्रभावित हुए और 74 परिवारों का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पांच मवेशियों की भी आग में मौत हो गई।
विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों से जल्द सर्वे कराकर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। ग्रामीणों ने भी सरकार से स्थायी राहत और पुनर्वास की मांग उठाई है।
