बहुआयामी समाचार एम डी न्यूज़ चैनल से मोहम्मदी तहसील प्रभारी पंकज कनौजिया की रिपोर्ट

मोहम्मदी खीरी। भीषण गर्मी के बीच मोहम्मदी गल्ला मंडी में किसानों को ठंडे पेयजल की सुविधा न मिलने से भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। मंडी में आरओ प्लांट की व्यवस्था न होने के कारण दूर-दराज से गेहूं बेचने आने वाले किसानों को टंकियों का गर्म पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। मंगलवार को भारतीय किसान क्रांति यूनियन संगठन के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शाह ने कार्यकर्ताओं के साथ मंडी पहुंचकर गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया और किसानों की समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने जिलाध्यक्ष को बताया कि मंडी में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी में घंटों लाइन में खड़े किसानों को ठंडा पानी तक नसीब नहीं हो रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि मंडी प्रशासन की ओर से अभी तक आरओ लगाने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसान नेता शैलेंद्र शाह ने मंडी सचिव राजेश वर्मा से मुलाकात कर किसानों की समस्या को गंभीरता से उठाया। इस पर मंडी सचिव ने बताया कि मंडी में आरओ प्लांट लगवाने के लिए लखनऊ मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और स्वीकृति मिलते ही आरओ की स्थापना कर दी जाएगी।
जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शाह ने कहा कि किसानों की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भीषण गर्मी को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर ठंडे पानी की व्यवस्था पर जोर दे रही है, लेकिन मोहम्मदी गल्ला मंडी में अब तक कोई ठोस कदम न उठाया जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं हुई तो संगठन किसानों के हित में बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।
इस दौरान किसान राजेश, रमेश, महेश, परवेज, रणजीत सिंह, रोहित सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। वहीं संगठन की ओर से मनोज शर्मा, राजेश शर्मा, बचन द्विवेदी, मोहित सिंह, गुलजारी वर्मा समेत पूरी टीम मौके पर मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *