उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सतरही रेलवे क्रॉसिंग के पास गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक और डंपर की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक चालक केबिन में फंस गया और आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग पर सतरही रेलवे क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार ट्रक और डंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और ट्रक का केबिन बुरी तरह चकनाचूर हो गया।हादसे के तुरंत बाद दोनों वाहनों से तेल रिसाव होने लगा, जिसके चलते आग भड़क उठी। देखते ही देखते ट्रक और डंपर आग के गोले में तब्दील हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद डंपर चालक और ट्रक का खलासी किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन ट्रक चालक केबिन में फंस गया। आग तेजी से फैलने के कारण चालक बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका।हादसे की सूचना मिलते ही हैदरगढ़ पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद मलबे में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला गया।
इस दौरान हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को सुचारु कराया।खबर लिखे जाने तक मृतक ट्रक चालक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।बाराबंकी जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते एक सप्ताह के भीतर जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में करीब 20 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा हैस्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने, हाईवे पर निगरानी बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ब्यूरो चीफ रामानंद सागर

