धर्मेन्द्र कसौधन/एमडी न्यूज़ ब्यूरो
निचलौल (महराजगंज)। निचलौल क्षेत्र में अवैध डीजल के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं के हौसले पस्त कर दिए हैं। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम बढ़ेपुरवा में प्रशासनिक टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध डीजल बरामद किया है। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध तेल कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

अधिकारियों के नेतृत्व में हुई छापेमारी
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में कुछ दिनों से अवैध डीजल के कारोबार की सूचनाएं मिल रही थीं। इस पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता और सीओ अनिरुद्ध पटेल के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक टीम ने पूरी तैयारी के साथ बढ़ेपुरवा गांव में दबिश दी। अधिकारियों की इस सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के सामने अवैध कारोबारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

700 लीटर डीजल बरामद
प्रशासनिक टीम ने मौके से लगभग 700 लीटर अवैध डीजल बरामद किया है, जिसे जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में ईंधन पकड़े जाने के बाद से क्षेत्र के अन्य संदिग्ध ठिकानेदार और मिलावटखोर अपनी दुकानें और गोदाम बंद कर भूमिगत हो गए हैं।

प्रशासन की चेतावनी
इस बड़ी सफलता के बाद अधिकारियों ने साफ रुख अपनाया है। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध कारोबार या पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में भी ऐसी औचक छापेमारी जारी रहेगी।

