तहसील प्रभारी गंगा चरण की रिपोर्ट एम डी न्यूज़
गोसाईगंज पुलिस ने क्षेत्र में 19 मई की रात एक घर पर हमला कर तीन गाड़ियां तोड़ने वाले गुज्जर गैंग के वांछित शातिर शेरा उर्फ शिवा को देर रात गिरफ्तार कर लिया।उसके कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
20 मई को पीड़ित नीरज यादव ने थाने में तहरीर दी थी कि 19 मई की मध्य रात्रि करीब 25-30 अज्ञात लोग दो डाला और एक चार पहिया वाहन से लाठी-डंडों व रॉड से लैस होकर उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी आर-15 व अपाचे बाइक तथा स्विफ्ट डिजायर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने नीरज को जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की और कहा हमसे पंगा लेने का नतीजा देख लिया।

इसपर गोसाईगंज पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।प्रभारी निरीक्षक डी. के. सिंह के अनुसार घटना के खुलासे के लिए दो टीमें गठित की गई थीं। 21 मई को नामजद आरोपी आजाद रावत और 24 मई को गुज्जर गैंग के 9 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
मुख्य आरोपी शेरा उर्फ शिवा पुत्र स्व. राकेश, निवासी सदरपुर करोरा, घटना के बाद से फरार चल रहा था।28/29 मई की देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गंगाखेड़ा अंडरपास से जौखंडी के बीच सड़क से उसे भी दबोच लिया।तलाशी में उसके पास से 32 बोर की एक पिस्टल व दो जिंदा कारतूस मिले।
गिरफ्तार किया गया आरोपी शेरा उर्फ शिवा (23) शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर लखनऊ के गोसाईगंज थाने में लूट मारपीट धमकी के चार मुकदमे झांसी के समधर थाने में पाक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में एक मुकदमा और जीआरपी चारबाग में मारपीट का एक मुकदमा पहले से दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक गुज्जर गैंग क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए ऐसी वारदातों को अंजाम देता है।
