चंदन का पौधा भेंट कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, नवागत एसडीएम ने सराहा जन कल्याण समिति का अभियान
रिपोर्टर -अनमोल श्रीवास्तव
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर।
पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति समर्पित सामाजिक संगठन जन कल्याण समिति द्वारा वर्षों से चलाए जा रहे हरित अभियान के तहत नवागत उपजिलाधिकारी डुमरियागंज श्री विवेकानंद मिश्र से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की गई। इस अवसर पर जन कल्याण समिति के संस्थापक सचिव सच्चिदानंद मिश्र एवं पर्यावरण प्रेमी कुंवर मोनू भास्कर ने उपजिलाधिकारी महोदय को चंदन का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुलाकात के दौरान उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र के सरल, सहज एवं सौम्य व्यक्तित्व की सभी ने सराहना की। पर्यावरण संरक्षण को लेकर हुई चर्चा में जन कल्याण समिति द्वारा विगत वर्षों से किए जा रहे वृक्षारोपण एवं पौध संरक्षण कार्यों की जानकारी भी दी गई।
इसके उपरांत उपजिलाधिकारी आवास परिसर में पूर्व में लगाए गए पौधों का अवलोकन किया गया। पौधों की बेहतर स्थिति देखकर सभी ने संतोष व्यक्त किया। इस दौरान पर्यावरण प्रेमी कुंवर मोनू भास्कर ने कहा कि वर्षों से लगाए जा रहे पौधों का संरक्षण और उनका विकसित होना इस बात का प्रमाण है कि समाज के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण के प्रयास सफल हो रहे हैं।
वहीं जन कल्याण समिति के संस्थापक सचिव सच्चिदानंद मिश्र ने कहा कि समिति वर्ष 2014 से लगातार वृक्षारोपण, पौध वितरण एवं उनके संरक्षण का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किया जा रहा छोटा-सा प्रयास आज सार्थक होता दिखाई दे रहा है। आने वाले समय में भी समिति द्वारा अधिक से अधिक पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर डुमरियागंज के वरिष्ठ समाजसेवी एवं नेता राजूपाल ने भी जन कल्याण समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस दिशा में समिति का योगदान अनुकरणीय है।
कार्यक्रम में बजरंगी शर्मा, राजू विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जन कल्याण समिति का संकल्प है कि “एक पौधा, एक जीवन” के संदेश के साथ अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण से जोड़कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *