कलेक्टर अजीत वसंत ने ली विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक

बारिश के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें, शिकायतों का करें त्वरित निराकरण रू कलेक्टर श्री वसंत

अम्बिकापुर 11 जून 2026/ कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, विभागीय योजनाओं एवं निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बारिश के मौसम को देखते हुए जिले में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा मैदानी अमले को सतर्क एवं मुस्तैद रखने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने विद्युत संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण, ट्रांसफार्मरों के रखरखाव, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बिजली संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए शिकायत प्राप्त होते ही समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु के दौरान विद्युत लाइनों एवं उपकरणों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए फोन रिसीव करें और समस्याओं का शीघ्र निराकरण करें। जिन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याएं अधिक आती हैं, वहां मैदानी अमले को विशेष रूप से सतर्क रखा जाए ताकि शिकायतों का समय पर समाधान हो सके।
उन्होंने बिजली बिल अधिकता संबंधी शिकायतों का परीक्षण कर प्राथमिकता से निराकरण करने तथा सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त मांगों एवं शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में शासन की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना, विद्युत अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण, टोला-पारा तक बिजली पहुंचाने हेतु नए विद्युत कनेक्शन, ट्रांसफार्मर स्थापना, लाइन विस्तार एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता (ग्रामीण) श्री रोशन नागवंशी, कार्यपालन अभियंता (शहरी) श्री जी.पी. राजवाड़े सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।  
—00—

4 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *