अच्छेलाल राजभर की रिपोर्ट

मोबाइल टावर पर चढ़कर हाईवोल्टेज ड्रामा पड़ा भारी

जौनपुर। जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के शेखअशरफपुर गांव निवासी सतीश यादव को मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देना महंगा पड़ गया। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और आत्महत्या की धमकी देकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सतीश यादव मोबाइल टावर पर चढ़ गया था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा काफी प्रयास के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
पुलिस का कहना है कि युवक की हरकत से न केवल कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई, बल्कि सरकारी कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई। जांच के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही, जबकि पुलिस ने लोगों से इस प्रकार के कदम न उठाने और किसी भी समस्या के समाधान के लिए कानूनी एवं प्रशासनिक माध्यम अपनाने की अपील की है।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *