रामनगर बाराबंकी। विकास खंड रामनगर की ग्राम पंचायत बड़नपुर में अंतिम मतदाता सूची-2026 को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मतदाता सूची से करीब 149 लोगों के नाम बिना समुचित जांच-पड़ताल के हटा दिए गए हैं, जिससे प्रभावित परिवारों में नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, वे सभी ग्राम पंचायत बड़नपुर के स्थायी निवासी हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2025 की अंतिम मतदाता सूची में उनके नाम दर्ज थे और वर्तमान समय में भी वे अपने परिवार के साथ गांव में निवास कर रहे हैं। इसके बावजूद अंतिम सूची में उनके नाम नहीं दिखाई दे रहे हैं।

इस संबंध में ग्रामीणों ने शनिवार को उपजिलाधिकारी रामनगर को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराए जाने तथा कटे हुए नामों को पुनः मतदाता सूची में शामिल किए जाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि मतदान प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से हटना गंभीर विषय है।

ग्रामीणों ने बताया कि मामले की शिकायत चुनाव आयोग, जिलाधिकारी बाराबंकी तथा खंड विकास अधिकारी रामनगर को भी रजिस्ट्री डाक के माध्यम से भेजी गई है, ताकि उच्च स्तर पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

ज्ञापन प्राप्त होने के बाद तहसील प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शिकायत की जांच कराई जाएगी। तहसीलदार विपुल सिंह ने कहा कि यदि जांच में नाम गलत तरीके से हटाए जाने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार उन्हें पुनः मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए प्रार्थना पत्र के साथ हटाए गए मतदाताओं की सूची भी संलग्न की गई है। ज्ञापन पर क्षेत्र पंचायत सदस्य दिलीप यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुन्दर लाल सहित अनेक ग्रामीणों के हस्ताक्षर मौजूद हैं। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर सभी पात्र मतदाताओं को उनका मतदान अधिकार सुनिश्चित कराने की मांग की है।

तेज बहादुर शर्मा
मंडल ब्यूरो चीफ अयोध्या।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *