महराजगंज पुलिस ने 105 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को लौटाए, कीमत लगभग 31 लाख रुपये

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल नेतृत्व में जनपद की सर्विलांस सेल ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए 105 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपये बताई गई है।

सर्विलांस सेल ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल एवं विभिन्न माध्यमों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न कंपनियों के कीमती स्मार्टफोन खोज निकाले। मोबाइल फोन IMEI नंबर आधारित ट्रैकिंग, आधुनिक तकनीकी संसाधनों और सतत सर्विलांस के माध्यम से बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों में अब तक 307 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये है, बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने महराजगंज पुलिस और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सर्विलांस सेल की टीम को बधाई देते हुए कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का त्वरित समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके।

मोबाइल बरामदगी में प्रमुख भूमिका निभाने वाली सर्विलांस टीम में क0ऑ0 ग्रेड-बी सुशील सिंह, शिवानन्द पासवान, मुख्य आरक्षी मोहम्मद कुतुबुद्दीन, राजकुमार राजभर, आलोक पाण्डेय तथा आरक्षी सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता और नीरज कुमार गोंड सहित CEIR टीम के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *