हाथरस, 23 जून। जनपद में सार्वजनिक एवं अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने विभिन्न लाइब्रेरी एवं कोचिंग सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रोग्रेस पॉइंट लाइब्रेरी, भारद्वाज लाइब्रेरी और प्रेमहरि लाइब्रेरी बेसमेंट में संचालित पाई गईं।

जिलाधिकारी ने लाइब्रेरी संचालकों से भवन मानचित्र, फायर सेफ्टी एनओसी तथा विद्युत उपकरणों के सत्यापन संबंधी दस्तावेजों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासनादेश के अनुसार बेसमेंट में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं की जा सकती। इस पर उन्होंने संबंधित संचालकों को तत्काल लाइब्रेरी बंद करने तथा छात्र-छात्राओं की जमा फीस वापस करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि भवन मानचित्र में बेसमेंट सामान्यतः पार्किंग, स्टोर या शौचालय जैसे उपयोगों के लिए स्वीकृत होता है। यदि इसके विपरीत किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित पाई जाती है या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन होता है तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध अग्नि सुरक्षा एवं भवन उपविधियों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन प्रतिष्ठानों को पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके हैं और जिन्होंने निर्धारित समय में कमियों का निस्तारण नहीं किया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने सभी संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों को अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, पार्किंग तथा अन्य निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हाथरस से राजा पाठक की रिपोर्ट

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *