फतेहपुर। शहर के आबूनगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत खलील नगर मोहल्ले में आधी रात उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात स्कूटी सवार युवकों ने कथित तौर पर फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि गोलियों की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।

बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच की है। घटना का 57 सेकंड का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्कूटी सवार संदिग्ध आते दिखाई देते हैं, फायरिंग करते हैं और फिर तेजी से मौके से फरार हो जाते हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल से चली हुई गोली के निशान और अन्य साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि आधी रात हुई इस वारदात से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फायरिंग करने वाले स्कूटी सवारों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

