“हर बच्चा सरकारी विद्यालय अभियान” के तहत ग्राम नगरचंद (अहीरपुरा) में सफल बैठक, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच हुआ सकारात्मक संवाद
फतेहाबाद। भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह द्वारा संचालित “हर बच्चा सरकारी विद्यालय अभियान” के अंतर्गत आज ग्राम नगरचंद (अहीरपुरा) के प्राथमिक विद्यालय में एक सफल जनजागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की विशेषता यह रही कि इसमें अभिभावक, शिक्षक तथा संगठन के पदाधिकारी एक साथ बैठे और सरकारी शिक्षा को बेहतर बनाने पर खुलकर चर्चा की।
बैठक के दौरान अभिभावकों ने सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई, बच्चों के सीखने के स्तर तथा भविष्य को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। वहीं विद्यालय के शिक्षकों ने भी अपनी बात रखते हुए बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा अभिभावकों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव यादव ने उपस्थित अभिभावकों को विद्यालय का भ्रमण कराया और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में स्मार्ट क्लास, स्मार्ट लाइब्रेरी, अंतरिक्ष प्रयोगशाला (स्पेस लैब) सहित आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हैं। विद्यालय का वातावरण और संसाधन देखकर उपस्थित अभिभावकों ने संतोष व्यक्त किया तथा अपने बच्चों को सरकारी विद्यालय में प्रवेश दिलाने और नियमित रूप से विद्यालय से जुड़े रहने का भरोसा दिया।
इस अवसर पर जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के बीच विश्वास का वातावरण बनाना है। जब विद्यालय और अभिभावक मिलकर कार्य करेंगे, तभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।
युवा तहसील अध्यक्ष जोगी गुर्जर ने कहा कि यह अभियान फतेहाबाद तहसील के प्रत्येक गांव तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक अभिभावक सरकारी विद्यालयों की सुविधाओं और गुणवत्ता से परिचित हो सकें।
बैठक में प्रदीप सिंह (जिला प्रवक्ता, आगरा), जोगी गुर्जर (युवा तहसील अध्यक्ष, फतेहाबाद), राहुल कुशवाह, विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव यादव, रजनी सिन्हा, तथा ग्राम के रामबरन वर्मा, जयप्रकाश यादव, निहाल सिंह, रामफल, खेरेप्रसाद सहित अनेक ग्रामीण एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि सरकारी विद्यालयों को मजबूत बनाने में शिक्षक, अभिभावक और समाज मिलकर अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे तथा प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने का प्रयास करेंगे।
एम डी न्यूज
रिपोर्ट, विश्वनाथ वर्मा

