हाथरस। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी-2026) के अंतिम दिन शनिवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीएम और एसपी ने शहर स्थित सेठ फूलचंद बागला (पीजी) कॉलेज तथा श्री अक्रूर इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की गहन समीक्षा की। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विभिन्न परीक्षा कक्षों की लाइव मॉनिटरिंग की और परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद उन्होंने परीक्षा कक्षों का भी निरीक्षण कर परीक्षा संचालन की निष्पक्षता, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जिन्हें संतोषजनक पाया गया।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर तैनात प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक तथा संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।

हाथरस से राजा पाठक की रिपोर्ट

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *