सर्विसिंग के दौरान धधक उठी कार, 20 मिनट में राख बाराबंकी के सर्विस सेंटर में हादसा, 100 मीटर दूर पेट्रोल पंप होने से मची अफरा-तफरी
फतेहपुर से रवि रावत की रिपोर्ट
बाराबंकी के फतेहपुर कस्बे में करीब 6 बजे एक सर्विस सेंटर में कार की सर्विसिंग के दौरान अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना स्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप होने के कारण लोगों में दहशत फैल गई। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन एक अन्य कार भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।
रामनगर रोड स्थित सुरेश कोल्ड स्टोरेज के सामने फतेहपुर सर्विस सेंटर में कस्बा निवासी जय प्रकाश मिहिर अपनी ईओन कार की सर्विसिंग करा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सर्विसिंग के दौरान अचानक कार से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
20 मिनट तक चला बचाव अभियान
आग लगते ही सर्विस सेंटर के कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने पानी, मिट्टी और अग्निशमन सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक ईओन कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग की चपेट में पास खड़ी एक अन्य कार भी आ गई, जिससे उसे आंशिक नुकसान पहुंचा।
पेट्रोल पंप की नजदीकी से बढ़ी चिंता
घटनास्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर फतेहपुर फिलिंग स्टेशन स्थित होने के कारण स्थानीय लोगों में बड़ी दुर्घटना की आशंका को लेकर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने एहतियातन आसपास के वाहनों को हटाया और बचाव कार्य में सहयोग किया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देता रहा।

