रिपोर्टर -रजनीश कुमार
औरैया-औरैया कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दिव्यांग छात्रा को तुरंत राहत दी।
विकासखंड अजीतमल के ग्राम नबले का पुरवा निवासी जितेंद्र कुमार की पुत्री दीपिका ने DM से स्कूल आने-जाने के लिए ट्राइसाइकिल की मांग की थी। बताया गया कि दीपिका दिव्यांग है और उसका स्कूल घर से लगभग 2 किलोमीटर दूर है। इतनी दूरी के बावजूद वह नियमित रूप से पढ़ाई कर रही है।

मामले का संज्ञान लेते हुए DM ने तत्काल परीक्षण कराया और अपने कार्यालय में ही दीपिका को सहायक उपकरण के रूप में ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई।
ट्राइसाइकिल मिलने के बाद दीपिका और परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। परिजनों ने DM का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब दीपिका को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और वह नियमित पढ़ाई जारी रख सकेगी।
इस अवसर पर DM बृजेश कुमार ने कहा कि “शासन की मंशा है कि कोई भी बच्चा आर्थिक, सामाजिक या शारीरिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे। पात्र दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें।”
जिला प्रशासन ने सभी पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जनता दर्शन एवं जनसुनवाई व्यवस्था का उपयोग करें।
