रिपोर्ट-ओम प्रकाश साहू
लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के खुजौली गांव में 9 जुलाई को एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मृतका के पति अनिल कुमार रावत उर्फ छोटू (34) को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
मृतका की मां ने यूपी-112 पर सूचना दी थी कि उनकी बेटी गुड़िया ने अपनी बहन को फोन कर मदद मांगी थी। जब परिजन ससुराल पहुंचे तो गुड़िया का शव फंदे से लटका मिला। शुरुआत में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा था कि साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फंदे से लटकाया गया है।

हत्या की धारा हटी, उकसाने की धारा लगी
इस मामले में पहले मोहनलालगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 और 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। लेकिन जांच के दौरान घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के परीक्षण के बाद पुलिस को हत्या के पर्याप्त सबूत नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने धारा 103(1) हटाकर बीएनएस की धारा 108 यानी आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा जोड़ी।
“इंस्टाग्राम पर बात को लेकर होता था झगड़ा”
पूछताछ में आरोपी पति अनिल ने बताया कि उसकी पत्नी इंस्टाग्राम पर अन्य लोगों से बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद के बाद पत्नी ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
