एमड़ी न्यूज़ रिपोर्टर मुनताज अली वाराणसी
सेवापुरी। बीआरसी हरहुआ में सफलतापूर्वक तीन वर्ष की सेवाएं पूर्ण करने के बाद शिवम कुमार श्रीवास्तव का स्थानांतरण उनके गृह जनपद गाजीपुर के बेसिक शिक्षा विभाग में होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर उन्होंने अपने सहयोगियों, अधिकारियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गाजीपुर में नई जिम्मेदारी मिलने की खुशी है, लेकिन हरहुआ से वर्षों का जुड़ाव छोड़ना उनके लिए भावुक क्षण है।

शिवम कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बीआरसी हरहुआ में कार्यकाल के दौरान उन्हें खंड शिक्षा अधिकारी पंकज का निरंतर मार्गदर्शन और पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में कार्य करना उनके लिए सौभाग्य की बात रही और इससे उन्हें अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने की प्रेरणा मिली।
उन्होंने बीआरसी हरहुआ के सभी साथी कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी ने हर कदम पर उनका साथ दिया। उनके सहयोग, अपनत्व और स्नेह को वह जीवनभर नहीं भूल पाएंगे। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के सभी आदरणीय शिक्षक-शिक्षिकाओं को सादर प्रणाम करते हुए उनके सहयोग एवं विश्वास के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि हरहुआ परिवार का स्नेह, प्रेम और आशीर्वाद भविष्य में भी उन्हें इसी प्रकार मिलता रहेगा। विदाई समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने भी उनके कार्यों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह का वातावरण भावुक रहा और सभी ने उनके नए कार्यक्षेत्र में सफलता की कामना की। इस मौके पर प्रमुख रूप से
जगरनाथ यादव, विकास अवनीश, अमित, संजय, आशीष, राजीव, आदि उपस्थित रहे।
