नरेश ओमर पत्रकार ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर

फतेहपुर। किशनपुर कस्बे में मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। शादी के महज दो महीने बाद एक नवविवाहिता की जिंदगी उस समय खत्म हो गई, जब उसकी साड़ी का पल्लू चलती बाइक के पहिए में फंस गया। हादसे में वह काफी दूर तक सड़क पर घसीटती चली गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, किशनपुर थाना क्षेत्र के जालंधरपुर गांव निवासी रामप्रसाद निषाद की शादी 5 मई को चित्रकूट जनपद के रीठी गांव निवासी रोशनी देवी से हुई थी। मंगलवार सुबह दोनों पति-पत्नी बाइक से गंगा स्नान के लिए निकले थे। पुलिस कॉलोनी के समीप पहुंचते ही रोशनी देवी की साड़ी का पल्लू अचानक बाइक के पहिए में फंस गया। इससे वह संतुलन खोकर सड़क पर गिर गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई।स्थानीय लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस से घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विजयीपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रोशनी देवी ने दम तोड़ दिया।शादी के केवल दो महीने बाद हुई इस दर्दनाक मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।किशनपुर थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
