धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
महराजगंज।जनता की समस्याओं के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक (SP) महराजगंज, शक्ति अवस्थी द्वारा जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को एसपी ने बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।
मामलों की सुनवाई के बाद पुलिस अधीक्षक ने मौके पर ही संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर एक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पूरी तरह से निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में आने वाले किसी भी पीड़ित को न्याय के लिए भटकना न पड़े।

थाना स्तर पर ही शिकायतों के समाधान पर जोर
पुलिस अधीक्षक शक्ति अवस्थी ने जिले के सभी प्रभारी निरीक्षकों और थाना अध्यक्षों को कड़े लहजे में निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और उनका वहीं प्रभावी समाधान निकाला जाए।
महिला हेल्पडेस्क को और मजबूत बनाने के निर्देश
एसपी ने पुलिस व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सभी थानों में संचालित ‘महिला हेल्पडेस्क’ और जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं संवेदनशील बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को इस तरह मजबूत किया जाए ताकि पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय या पुलिस कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें। थानों पर ही लोगों की सुनवाई और संतुष्टि पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
