महिला उद्यमिता को मिलेगा नया मंच, 20 जुलाई को शुभम लॉन में सजेगा ‘विदिशा हाट’

संस्थापिका मधु तुलस्यान एवं अध्यक्षा सरोज तुलस्यान के नेतृत्व में होगा भव्य आयोजन, देशभर की 70 महिला उद्यमी करेंगी सहभागिता

विदिशा। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, विदिशा शाखा की संस्थापिका मधु तुलस्यान एवं शाखा अध्यक्षा सरोज तुलस्यान के मार्गदर्शन में 20 जुलाई को शुभम लॉन में “विदिशा हाट” नामक भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष मेले में देशभर से लगभग 70 महिला उद्यमी अपने हस्तनिर्मित एवं आकर्षक उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री करेंगी।
मेले का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे होगा तथा यह रात्रि 8:00 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। मेले में हाथ से बनी राखियां, चांदी के एक्सक्लूसिव गिफ्ट आइटम्स, क्लच एवं पोटली बैग्स, डिजाइनर परिधान, स्किन केयर उत्पाद, आकर्षक उपहार सामग्री, गृह सज्जा का सामान, तोरण, क्रोशे से निर्मित कलात्मक वस्तुएं सहित अनेक हस्तनिर्मित उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।
आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि मेले का संपूर्ण संचालन महिलाओं द्वारा किया जाएगा। सभी स्टॉल महिला उद्यमियों द्वारा ही लगाए और संचालित किए जाएंगे, जिससे महिलाओं को स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता तथा अपने उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा।
संस्थापिका मधु तुलस्यान एवं शाखा अध्यक्षा सरोज तुलस्यान ने शहरवासियों से अपील की है कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए वे सपरिवार मेले में पहुंचें, महिला उद्यमियों द्वारा तैयार उत्कृष्ट उत्पादों की खरीदारी करें तथा उनके आत्मविश्वास और प्रयासों को प्रोत्साहित करें।
मेले की संयोजिकाएं नीतू मुरारका, मीना अग्रवाल, संध्या अग्रवाल एवं अलका बाजोरिया हैं। आयोजन को सफल बनाने में सचिव प्रीति बाजोरिया, कोषाध्यक्ष चंदन खेमका सहित शाखा की समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है।

9 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *