ब्रेकिंग न्यूज़ | MD NEWS बहुआयामी समाचार

बुढ़ाना पुलिस की बड़ी कामयाबी: दिल्ली-एनसीआर से लग्जरी गाड़ियां चोरी कर म्यांमार में बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में 4 शातिर गिरफ्तार,

MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख
रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
बुढ़ाना – मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर जनपद की बुढ़ाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-एनसीआर से लग्जरी वाहन चोरी कर इंजन और चेसिस नंबर बदलकर फर्जी नंबर प्लेट के माध्यम से विभिन्न राज्यों और म्यांमार (बर्मा) तक बेचने वाले अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरोह का एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन चोर गिरोह विज्ञाना मार्ग स्थित एक खंडहर में चोरी के लग्जरी वाहन छिपाकर बेचने की तैयारी कर रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक महिंद्रा थार, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मारुति सुजुकी ब्रेज़ा, एक ऑल्टो कार, दो अवैध तमंचे, छह कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट तथा वाहन चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दिल्ली-एनसीआर से महंगी गाड़ियां चोरी कर उनके इंजन और चेसिस नंबर बदलते थे तथा फर्जी दस्तावेज तैयार कर पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, मणिपुर सहित म्यांमार में ऊंचे दामों पर बेच देते थे। गिरोह लंबे समय से इस संगठित अपराध को अंजाम दे रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों में राजू सिंह उर्फ नेपाली उर्फ योगेश (घायल), अनिल, आसिफ कमाल उर्फ दादा तथा मोहित कौशिक शामिल हैं। सभी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में वाहन चोरी, अवैध हथियार और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं।

इस सराहनीय कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना तथा थाना प्रभारी बुढ़ाना के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए बुढ़ाना पुलिस टीम को ₹25,000 का नगद पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

बुढ़ाना पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी के संगठित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed