MD न्यूज़
जिला महाराजगंज
रिपोर्टर स्वामीनाथ कुमार

18 जुलाई को जारी होगी महराजगंज के मतदेय स्थलों की अंतिम सूची, डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक –

महराजगंज। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप देने के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं परिवर्तन को लेकर प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी प्रस्तावित मतदेय स्थलों का संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों द्वारा भौतिक सत्यापन कराया जा चुका है। सत्यापन के दौरान प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों का नियमानुसार परीक्षण और निस्तारण करने के बाद मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 18 जुलाई 2026 को जनपद के मतदेय स्थलों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों के निर्धारण की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न की जा रही है, ताकि सभी मतदाताओं को मतदान के लिए सुगम और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि किसी प्रकार की कोई आपत्ति या सुझाव शेष हो तो उसे तत्काल संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एआरओ) को उपलब्ध करा दें। वहीं अधिकारियों को सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी करते हुए आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *