*महादेवा कॉरिडोर का कर सकते हैं निरीक्षण, अधिकारियों ने किया स्थलीय जायजा।

भाजपा कार्यकर्ता भी स्वागत की तैयारियों में जुटे।

रामनगर (बाराबंकी)।

बाराबंकी जनपद के प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री लोधेश्वर महादेवा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 20 जुलाई को संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। लेकिन प्रशासन और भाजपा संगठन ने संभावित कार्यक्रम को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
संभावित दौरे के मद्देनजर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देशन में उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता, तहसीलदार विपुल सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने महादेवा परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा भी की।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने ड्रीम प्रोजेक्ट महादेवा कॉरिडोर के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर सकते हैं। काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर विकसित किए जा रहे इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य इन दिनों तेजी से चल रहा है और प्रशासन इसे निर्धारित समय में पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।
उधर, मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी संगठन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में महादेवा मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री के स्वागत, जनसभा स्थल, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
हालांकि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक हलचल और तेज होती तैयारियों ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया है।

तेज बहादुर शर्मा
मंडल ब्यूरो चीफ अयोध्या।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *