काशी नटीनियादाई व्यापार मंडल का 14वां स्थापना दिवस धूमधाम से सम्पन्न, पांच व्यापारी ‘अनमोल रतन’ सम्मान से सम्मानित

संगीतमय संध्या में झूमे व्यापारी, 800 से अधिक लोगों की रही उपस्थिति

वाराणसी, काशी नटीनियादाई व्यापार मंडल का 14वां स्थापना दिवस एवं संगीतमय संध्या समारोह बुधवार को नवलपुर स्थित द रॉयल ग्रीन गार्डन में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना से हुआ। नृत्यांगना पलक ने आकर्षक गणेश वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर किया गया। वहीं गायिका प्रियंका पांडेय एवं उनकी टीम की संगीतमय प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि सैयदराजा (चंदौली) के विधायक सुशील सिंह ने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। व्यापारी अपने निवेश से न केवल व्यापार को बढ़ावा देते हैं, बल्कि रोजगार के अवसर भी सृजित करते हैं।
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व मंत्री मीना चौबे ने व्यापारी समाज को देश का “आर्थिक सैनिक” बताते हुए कहा कि व्यापारी राष्ट्रहित में अपना सर्वस्व समर्पित करता है। पूर्व उपाध्यक्ष, बनारस बार बिनित सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास में व्यापार मंडल की भूमिका सराहनीय रही है और व्यापारी समाज आज के भामाशाह हैं।
संस्थापक राजेश श्रीवास्तव ने व्यापारियों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए व्यापारिक आयोग के गठन के लिए संयुक्त प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि संगठन व्यापारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। गरीब बेटियों के विवाह में सहयोग, नेकी की दीवार, स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर जैसे कार्य इसके उदाहरण हैं।
समारोह के दौरान व्यापारिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच व्यापारियों को ‘अनमोल रतन’ सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जन कल्याण मंच की प्रदेश अध्यक्ष (महिला मोर्चा) पूजा सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सोनी सिंह, काशी क्षेत्र अध्यक्ष सौरभ कुमार सिंह, अनुराग सिंह बादल सहित नगर उद्योग व्यापार मंडल के संजीव सिंह बिल्लू, प्रतीक गुप्ता, राजेश त्रिवेदी, राकेश मिढ्ढा, अशोक अग्रहरि समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राजेश श्रीवास्तव एवं पंकज सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संरक्षक डॉ. ए.पी. सिंह ने दिया। समारोह में 800 से अधिक व्यापारी एवं क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *