MD न्यूज़
जिला महाराजगंज
रिपोर्टर स्वामीनाथ कुमार

वन विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन: जंगल से साखू की लकड़ी काटकर लोड कर रहे तस्कर दबोचे, पिकअप व ई-रिक्शा जब्त

महराजगंज। फरेन्दा क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल से चोरी कर लाई जा रही साखू की लकड़ी के साथ एक तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से अवैध लकड़ी से लदी पिकअप और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा ई-रिक्शा भी जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है।

वन विभाग के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को सुबह करीब 8:30 बजे मुखबिर की सूचना पर फरेन्दा-बृजमनगंज रोड स्थित जंगल में घेराबंदी की गई। टीम ने आरक्षित वन क्षेत्र से चोरी कर काटी गई साखू की 9 बोटा लकड़ी को पिकअप संख्या UP 56 BT 3635 पर लोड करते समय संतोष चौधरी पुत्र नंदलाल चौधरी, निवासी छितही को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान तस्करों को घटनास्थल तक लाने में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा संख्या UP 56 AT 3957 भी जब्त किया गया। बरामद लकड़ी और दोनों वाहनों को रेंज कार्यालय लाकर वन अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की गई तथा गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस सफल अभियान में डिप्टी रेंजर अरुण कुमार सिंह एवं अनिल सिंह के नेतृत्व में वन दरोगा सूरज पाल, विजय यादव, जितेंद्र कुमार, राजन सहानी, राजकुमार, शिवचन्द सहित अन्य वनकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध कटान और लकड़ी तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जंगल की संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed