MD न्यूज़
जिला महाराजगंज
रिपोर्टर स्वामीनाथ कुमार
महराजगंज: चोरी की बाइक के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, कई राज्यों में दर्ज हैं मुकदमे
महराजगंज। जनपद के बृजमनगंज थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अप्रैल माह में गोरखपुर के पीपीगंज कस्बे में बैंक के सामने से बाइक चोरी की थी।
पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बृजमनगंज पुलिस शनिवार-रविवार की रात कुआंडाडी पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान धानी बाजार की ओर से आ रहे एक बाइक सवार को रोककर पूछताछ की गई।
गिरफ्तार युवक की पहचान हिमांशू मौर्या (19 वर्ष) पुत्र दुर्गेश मौर्या, निवासी बरडाड़ टोला परसपुर, थाना
बृजमनगंज के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने साथी दीपक यादव के साथ मिलकर पीपीगंज स्थित एक बैंक के सामने से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने थाना बृजमनगंज में मु0अ0सं0 187/2026 धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संतकबीरनगर, दिल्ली और महराजगंज समेत विभिन्न स्थानों पर चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक रंजन, उपनिरीक्षक विक्की कुमार, उपनिरीक्षक दीपक यादव तथा कांस्टेबल अखिलेश यादव शामिल रहे।

