नई इमरजेंसी में करीब 18 बेड, चिकित्सकों के लिए बेहतर सुविधाएं और तीमारदारों के बैठने की होगी समुचित व्यवस्था

हाथरस, 10 अगस्त। बागला संयुक्त चिकित्सालय की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं विस्तारित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अस्पताल परिसर स्थित एमडीटीवी अस्पताल में प्रस्तावित नई इमरजेंसी व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले करीब दो माह से बागला अस्पताल की इमरजेंसी को बेहतर बनाने के लिए कार्य चल रहा है। अस्पताल परिसर में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े भवन के निचले तल का जीर्णोद्धार एवं रिनोवेशन कराया जा रहा है, जहां नई इमरजेंसी को स्थानांतरित करने की तैयारी है।

वर्तमान इमरजेंसी में सीमित स्थान के चलते करीब 5 से 7 बेड की ही व्यवस्था हो पाती थी। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद यहां करीब 18 बेड उपलब्ध होंगे, जिससे एक साथ अधिक मरीजों को बेहतर आपातकालीन उपचार मिल सकेगा।

नई इमरजेंसी में चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों के लिए आवश्यक सुविधाओं के साथ-साथ मरीजों के तीमारदारों के लिए पृथक एवं व्यवस्थित बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे अस्पताल में भीड़ और अव्यवस्था को कम करने में मदद मिलेगी।अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट को हाल ही में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संचालित कराया गया है। इसके अलावा प्रस्तावित नई इमरजेंसी के समीप करीब 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट भी तैयार की जा रही है। गंभीर मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर इमरजेंसी से तत्काल क्रिटिकल केयर यूनिट में स्थानांतरित किया जा सकेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि नई इमरजेंसी के संचालन से बागला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों एवं तीमारदारों की भीड़ को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी तथा आपातकालीन सेवाओं की कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में संचालित आयुर्वेदिक/होम्योपैथिक चिकित्सालय को पुराने इमरजेंसी कक्ष में स्थानांतरित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही बीएसए कार्यालय, डीआईईटी कार्यालय एवं सार्वजनिक पुस्तकालय को जोड़ने के लिए सुगम मार्ग बनाए जाने हेतु लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से समन्वय कर कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को नई इमरजेंसी के संचालन से संबंधित शेष कार्यों को तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि जल्द ही नई व्यवस्था को जनपद की जनता को समर्पित किया जा सके।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर राजा पाठक

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *