गोंडा- कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में कर-करेत्तर राजस्व वसूली एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण को लेकर धानेपुर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को जिलाधिकारी ने कड़ी चेतावनी दी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों का फीडबैक असंतोषजनक मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
धानेपुर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को कड़ी चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यदि आईजीआरएस शिकायतों का फीडबैक सही नहीं आया तो उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं करने की बात कही।
बैठक में आईजीआरएस शिकायतों के डिफॉल्टर होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी सख्त रुख अपनाया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन लेखपालों के स्तर से आईजीआरएस शिकायत डिफॉल्टर होगी, उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं, बैठक में बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहने पर एआर कोआपरेटिव का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। नगर पंचायत मनकापुर में आईजीआरएस शिकायत डिफॉल्टर पाए जाने पर अधिशासी अधिकारी को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को 3 से 5 वर्ष पुराने लंबित वादों की दोनों पक्षों की सुनवाई करते हुए अधिक से अधिक वादों का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल सहित विभिन्न तहसीलों एवं विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
