रिपोर्टर जे पी सिंह एम डी न्यूज़ अलीगढ

कीर्ति का फाइल फोटो

खैर। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उपाध्याय में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में दीवार गिरने से चारपाई पर सो रही 19 वर्षीय युवती की मलबे में दबकर मौत हो गई। युवती की शादी आगामी दिसंबर माह में तय थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतका के पिता लेखराज सिंह ने बताया कि उनके परिवार में कुल पांच बच्चे हैं। इनमें सबसे बड़ी बेटी विद्या की शादी हो चुकी है। उनकी तीसरे नंबर की बेटी कीर्ति (19) रात में घर के अंदर बने कमरे में चारपाई पर सो रही थी। कमरे में गर्मी के कारण टेबल फैन चल रहा था। वहीं लेखराज सिंह, उनकी पत्नी मीना और परिवार के अन्य तीन बच्चे घर के बाहर अलग-अलग स्थानों पर सो रहे थे।
परिजनों के मुताबिक रात में कूलर की आवाज और गहरी नींद के कारण उन्हें किसी प्रकार की अनहोनी का पता नहीं चला। सुबह करीब 4 बजे लेखराज सिंह लघुशंका के लिए उठे। इसी दौरान उनकी नजर कमरे की ओर गई तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि कमरे की दीवार अचानक गिर गई थी और उसके मलबे के नीचे चारपाई पर सो रही उनकी बेटी कीर्ति दब गई थी।
लेखराज सिंह ने तत्काल शोर मचाकर पड़ोसियों और परिजनों को मदद के लिए बुलाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर युवती को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर चोटों के कारण कीर्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता लेखराज सिंह, माता मीना, भाई हिमांशु, बहन विद्या सहित अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। जिस बेटी के हाथ पीले होने का परिवार बेसब्री से इंतजार कर रहा था, उसकी अचानक मौत से शादी की तैयारियों वाले घर में मातम पसर गया।
पिता लेखराज सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी डिवाई क्षेत्र के गांव चौड़ेरा निवासी एक युवक के साथ तय हुई थी और आगामी दिसंबर माह में शादी होनी थी। परिवार बेटी की शादी को लेकर खुश था, लेकिन हादसे ने उनकी सारी खुशियां मातम में बदल दीं।
परिजनों ने बताया कि वे इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कराना चाहते हैं और अंतिम संस्कार कर दिया गया है। घटना के बाद से मोहल्ले में भी गमगीन माहौल है। हादसे ने परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।

Loading

By MD News

Yes

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *